अरगोड़ा अंचल के राजस्व कर्मचारी स्वर्गीय लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के मामले में भाजपा ने पुलिस प्रशासन को सात दिनों के भीतर हत्याकांड का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने का अल्टीमेटम दिया है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई नहीं होने पर राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर बुधवार को पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुंडू के दलकीडीह गाँव पहुँचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने नामकुम के जोरार स्थित तेतरी टोली में घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व सांसद समीर उराँव, रामकुमार पाहन, अशोक बड़ाईक, आरती कुजूर और विनय महतो धीरज शामिल थे। घटनास्थल के निरीक्षण के बाद भाजपा नेता नामकुम थाना पहुँचे और थाना प्रभारी से मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी ली।
भाजपा नेताओं ने कहा कि यदि सात दिनों के भीतर हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो पार्टी राज्यभर में आंदोलन करेगी।


