राँची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शनिवार को नगड़ी स्थित ईवीएम वेयर हाउस का मासिक बाह्य निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और पूरे परिसर की निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को ईवीएम वेयर हाउस के संचालन और सुरक्षा से जुड़े सभी निर्धारित प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने उप निर्वाचन पदाधिकारी को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक माह सुरक्षा, रख-रखाव और तकनीकी व्यवस्थाओं से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन समय पर आयोग को भेजने को कहा।
इस दौरान स्टेट ईवीएम नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

