लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राँची स्थित जैप-1 वाहिनी परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के साथ ही देशवासियों के बीच भाईचारे, सद्भाव और राष्ट्रीय एकजुटता की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद किया गया। स्वतंत्रता के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराने और एकीकृत भारत के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया गया।
कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, निष्पक्षता और अनुशासन के साथ करने तथा आंतरिक सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया गया।
इस दौरान वाहिनी के प्रभारी प्रमुख निरीक्षक (स.), विभिन्न शाखाओं के प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी, कार्यालयकर्मी, महिलाकर्मी एवं अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन और कर्तव्यपालन में अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।

