निशा भगत को न्याय दिलाने की मांग, भाजपा ने निकाला मशाल जुलूस 
राँची में आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या मामले में न्याय, आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे प्रकरण की CBI जांच की मांग को लेकर भाजपा राँची महानगर जिला के तत्वावधान में विशाल मशाल जुलूस निकाला गया।
एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से मशाल लेकर निकले। जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने घंटों प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। समीर उरांव ने कहा कि निशा भगत आदिवासी समाज के अधिकारों, संस्कृति और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाली मुखर आवाज थीं। उन्होंने मामले से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की। पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर ने भी आदिवासी बेटियों की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए सरकार से CBI जांच की अनुशंसा करने की मांग की।

भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक निशा भगत को न्याय नहीं मिलता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

