राँची: बोकारो जिले के ललपनिया में 22 से 24 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ राजकीय महोत्सव की तैयारियाँ तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में शनिवार को आयोजन समिति के प्रतिनिधियों और बोकारो जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना भी मौजूद रहे। उपायुक्त ने मुख्यमंत्री को महोत्सव के आयोजन, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। महोत्सव का आयोजन टीटीपीएस ललपनिया में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आयोजन समिति और जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन और सदस्य लुदू मांझी भी उपस्थित थे।

