Local Alerts Ranchi

जनता दरबार में बड़ी कार्रवाई: 6 मामलों पर उपायुक्त का सख्त एक्शन, सिल्ली अंचल के कर्मी का वेतन रोकने का निर्देश

राँची समाहरणालय में सोमवार (23 नवंबर) को आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, पंजी-2 में सुधार, राशन कार्ड, पेंशन, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र सहित सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जाँच कर समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

सिल्ली अंचल के अनुसेवक को शो-कॉज, वेतन रोकने का निर्देश

जनता दरबार में सिल्ली अंचल में पदस्थापित अनुसेवक मंगरा भोक्ता से जुड़ी शिकायत सामने आई। शिकायतकर्ता महिला ने अपने बेटे और बहू पर मारपीट एवं प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। महिला के अनुसार, उसका पति शराब के नशे में रहता है और खतियानी संपत्ति बेचने से मना करने पर उसके साथ मारपीट की जाती है। महिला ने अपनी सुरक्षा और उचित कार्रवाई की माँग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित अनुसेवक को शो-कॉज करने और वेतन रोकने का निर्देश दिया।

22 दिन की बच्ची के इलाज के लिए राशन कार्ड की गुहार

जनता दरबार में चिकित्सा सुविधा से जुड़े दो महत्वपूर्ण मामले भी सामने आए। खलारी निवासी शंकर प्रसाद गुप्ता ने अपनी महज 22 दिन की बच्ची के इलाज के लिए राशन कार्ड बनवाने का आवेदन दिया। उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को आवश्यक विभागीय पत्राचार करते हुए जल्द कार्रवाई करने और बच्ची को चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया।

वहीं, दाहिना फेफड़ा खराब होने के कारण गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे बाली मिश्रा ने आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज की सुविधा प्राप्त करने के लिए राशन कार्ड बनवाने का आवेदन दिया। उपायुक्त ने विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी को जल्द आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों और होमगार्ड अभ्यर्थियों के मामलों पर संज्ञान

जनता दरबार में वर्ष 2010 से 2016 के बीच आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को आत्मसमर्पण नीति के तहत देय लाभ नहीं मिलने की शिकायत भी प्राप्त हुई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से मामले की अद्यतन स्थिति प्राप्त कर पात्र लाभुकों को योजना का लाभ दिलाने का निर्देश दिया।

इसके अलावा वर्ष 2016 की होमगार्ड नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े अभ्यर्थियों का मामला भी सामने आया। इस मामले में उच्च न्यायालय के निर्देश के आलोक में उपायुक्त ने नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

जमीन, पेंशन और प्रमाण पत्र से जुड़ी शिकायतों पर भी निर्देश

जनता दरबार में जमीन दिलाने के नाम पर ठगी, म्यूटेशन, पंजी-2 में सुधार और पेंशन से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र के लिए आए आवेदनों पर उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारियों को दस्तावेजों की जाँच कर पात्र आवेदकों को शीघ्र प्रमाण पत्र जारी करने का निर्देश दिया।

वहीं, चर्च रोड निवासी विनय कुमार ने आर्थिक रूप से सक्षम होने के बाद राशन कार्ड से अपना नाम हटाने के लिए आवेदन दिया। उपायुक्त ने इस पर भी नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।

स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि प्रखंड, अंचल, पंचायत और थाना क्षेत्रीय प्रशासन के चार प्रमुख स्तंभ हैं। इन सभी की जिम्मेदारी है कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान अपने-अपने स्तर पर समयबद्ध तरीके से करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें और आम लोगों को सरकारी सेवाओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

Ranchi Updates

Ranchi Updates

About Author

Ranchi Updates - A platform which keeps you updated about our city- Ranchi.

You may also read

Local Alerts

राँची के कई इलाकों में आज छह घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी

हटिया स्थित 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन में शनिवार, 13 सितंबर 2025 को मरम्मत कार्य किया जाएगा। ग्रिड अधिकारियों के मुताबिक
Ranchi

CISCE नेशनल हॉकी टूर्नामेंट 2025 का भव्य समापन, खिलाड़ियों ने दिखाई उमंग और जुनून !!

CISCE नेशनल हॉकी टूर्नामेंट 2025 का भव्य समापन, खिलाड़ियों ने दिखाई उमंग और जुनून !! रांची के मरांग गोमके जयपाल