अलबर्ट एक्का चौक पर आज से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव।
बाल गोपाल प्रतियोगिता आज, कल 25 फीट ऊंची दही-हांडी का रोमांच।

श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव समिति की ओर से अलबर्ट एक्का चौक, मेन रोड में 4 और 5 सितंबर को दो दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित किया जाएगा। मुख्य संरक्षक सह रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ के सानिध्य में आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के संरक्षक विधायक सीपी सिंह, अध्यक्ष मुकेश काबरा, मेयर रोशनी खलखो, उपमहापौर नीरज कुमार और महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कार्यक्रम की जानकारी दी।
पहले दिन दोपहर 3 बजे श्रीकृष्ण के बाल रूप की भव्य झांकी के साथ बाल गोपाल प्रतियोगिता होगी, जिसमें 150 से अधिक बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण को मोटे अनाज से तैयार विशेष भोग अर्पित किया जाएगा।

महोत्सव के दूसरे दिन 5 सितंबर को नमो दही-हांडी प्रतियोगिता, भजन संध्या और नृत्य-नाट्य मंचन होगा। पुरुष वर्ग के लिए 25 फीट और महिला वर्ग के लिए 20 फीट ऊंची दही-हांडी रखी गई है। पुरुष वर्ग में प्रथम पुरस्कार 71 हजार और महिला वर्ग में 51 हजार रुपये है। मुंबई और वृंदावन के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन स्थल पर चिकित्सा एवं एंबुलेंस की व्यवस्था भी रहेगी।

