राजधानी में 16 जुलाई से शुरू होने वाली ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथयात्रा और 10 दिवसीय रथ मेले की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। मेले में लगने वाली दुकानों के आवंटन के लिए सोमवार को जगन्नाथपुर थाना परिसर में टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई।
इस बार मेले के संचालन का टेंडर पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर निवासी राजेश चंद्रा की फर्म आरएस इंटरप्राइजेज ने 2 करोड़ 27 लाख 21 हजार 112 रुपये की सबसे ऊँची बोली लगाकर हासिल किया। यह पिछले तीन वर्षों की तुलना में सबसे अधिक टेंडर राशि है।
टेंडर राशि में हुई भारी बढ़ोतरी के बाद इस वर्ष मेले में दुकान, फूड स्टॉल, झूला, पार्किंग और अन्य व्यावसायिक स्टॉलों के किराए बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में मेले में आने वाले लोगों को भी खान-पान और अन्य सेवाओं के लिए पहले की तुलना में अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।
पिछले वर्षों की सफल टेंडर राशि:
2023: 75 लाख रुपये
2024: 1.92 करोड़ रुपये
2025: 51.51 लाख रुपये
2026: 2.27 करोड़ रुपये
टेंडर प्रक्रिया एडीएम लॉ एंड ऑर्डर धनंजय, जगन्नाथ मंदिर के प्रथम सेवक ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव, मंदिर सचिव प्रसन्न कुमार, विनोद कुमार और आवासीय पदाधिकारी स्मृति कुमारी की मौजूदगी में संपन्न हुई। वहीं, इस वर्ष मेले की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी वर्जन सिक्योरिटी एंड फैसिलिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड को सौंपी गई है।

