मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को राजधानी राँची के डोरंडा स्थित जैप-1 मैदान में आयोजित दीक्षांत पारण-परेड समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह के दौरान उन्होंने नवप्रशिक्षित आरक्षियों की पारण-परेड की सलामी ली और प्रशिक्षण पूर्ण करने पर सभी जवानों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस बल कानून-व्यवस्था की रीढ़ है और जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने नवप्रशिक्षित जवानों से ईमानदारी, निष्ठा, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया। समारोह में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षक, जवानों के परिजन तथा अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

