झारखंड पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए भाकपा (माओवादी) के एकमात्र सक्रिय पोलित ब्यूरो सदस्य और 2.20 करोड़ रुपये के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा उर्फ सागर उर्फ भास्कर उर्फ सुर्निमल को गिरफ्तार कर लिया।
‘ऑपरेशन दौरा पहाड़’ के तहत 28 जुलाई को धनबाद के बरवड्डा थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई में 209 कोबरा बटालियन, धनबाद और गिरिडीह पुलिस शामिल रही। मिसिर बेसरा के साथ 15 लाख के इनामी मेहनत उर्फ मोछू उर्फ विभीषण, गौरव उर्फ बिरेंद्र हांसदा उर्फ सौरभ समेत अन्य सहयोगी भी पकड़े गए। इनके पास से तीन AK-47 राइफल, आठ मैगजीन और 288 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
डीजीपी तदाशा मिश्रा ने इसे नक्सल विरोधी अभियान की निर्णायक उपलब्धि बताते हुए कहा कि झारखंड को पूरी तरह नक्सलमुक्त बनाने तक अभियान लगातार जारी रहेगा।

