झारखंड में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने फिर करवट लेने के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए लू, तेज हवा और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 मई को राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से, खासकर पलामू, गढ़वा और चतरा में लू चलने की आशंका है। वहीं धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह और कोडरमा समेत आसपास के इलाकों में गर्जन के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा राँची, खूंटी, गुमला और रामगढ़ में भी तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 27 मई को भी पलामू, गढ़वा और चतरा में लू का असर बने रहने की संभावना है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में बादल छाये रहने और कहीं-कहीं बारिश होने के आसार हैं।
रविवार को राँची का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 0.8 डिग्री बढ़ा है। वहीं मेदिनीनगर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जमशेदपुर में 41.6 डिग्री, बोकारो में 42.6 डिग्री और चाईबासा में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
इस बीच पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम के कुछ इलाकों में बारिश भी हुई। जमशेदपुर में 12.8 मिमी और दारासाई में करीब 20 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पश्चिमी सिंहभूम में देर शाम तेज हवा चली, जबकि राँची में भी शाम के समय आसमान में बादल छाये रहे।

