राँची पुलिस ने टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र में हुए चर्चित कमलेश कुमार हत्याकांड का सफल उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने की साजिश का भी खुलासा किया है।
जानकारी के अनुसार, टाटीसिल्वे थाना में, दिनांक 03 मई 2026 के तहत दर्ज मामले की जांच वरीय पुलिस अधीक्षक राँची के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी दल द्वारा की जा रही थी। तकनीकी अनुसंधान और लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने शिवनाथ कुमार सिंह, अंगिता देवी और साहिल राजा को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी और एक हाईवा ट्रक भी बरामद किया गया है।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक कमलेश कुमार की हत्या जानुम हाहे स्थित घर में की गई थी। इसके बाद शव को हाईवा वाहन से टाटीसिल्वे के मानकीडीपा रिंग रोड के पास ले जाकर सड़क किनारे फेंका गया और उसे दुर्घटना का रूप देने के लिए शव पर हाईवा का पहिया चढ़ा दिया गया।
अनुसंधान में यह भी सामने आया कि मृतक का आरोपी की पत्नी से अवैध संबंध था, जिसके कारण हत्या की साजिश रची गई। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

