झारखंड में बिजली दरों में बढ़ोतरी और बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी ने राज्यभर में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालयों में झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के कार्यालयों के सामने धरना दिया।
राजधानी राँची के डोरंडा स्थित कुसई कॉलोनी में JBVNL महाप्रबंधक कार्यालय के सामने आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व विधायक सीपी सिंह और मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने किया। इस दौरान बिजली दरों में वृद्धि, लगातार हो रही कटौती और स्मार्ट मीटर से जुड़ी कथित अनियमित बिलिंग को लेकर विरोध जताया गया।
धरने के दौरान सीपी सिंह ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजधानी में भी 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है। आम लोग बिजली संकट से परेशान हैं, जबकि वीआईपी और बड़े अधिकारियों के यहां वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
वहीं, नवीन जायसवाल ने कहा कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में उपभोक्ता परेशान हैं। स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल में अनियमितता बढ़ी है और शिकायतों के बावजूद सुधार नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं से जबरन वसूली की जा रही है और कनेक्शन काटे जा रहे हैं।
प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर 17 अप्रैल को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में JBVNL कार्यालयों के बाहर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

