हजारीबाग-चतरा सीमावर्ती जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त बलों द्वारा चलाए गए ऑपरेशन में चार नक्सली मारे गए, जिनमें एक 15 लाख का इनामी रीजनल कमेटी सदस्य भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार, 209 कोबरा बटालियन और झारखंड पुलिस ने खपिया (केरेडारी थाना क्षेत्र) में संयुक्त अभियान चलाया। शुक्रवार को दोपहर करीब 1 बजे नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन में चार शव, चार हथियार और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई।
मारे गए नक्सलियों में शहीद महतो (15 लाख इनामी), रंजीत गंझू (10 लाख इनामी), नताशा और बुधन कर्माली शामिल हैं। बरामद हथियारों में AK-47 की दो राइफल, एक INSAS और एक अन्य राइफल शामिल है।
इस अभियान के बाद पारसनाथ-लुगूबुरू क्षेत्र में सक्रिय नक्सली दस्ते को बड़ा झटका लगा है। झारखंड पुलिस ने शेष उग्रवादियों से आत्मसमर्पण कर सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाने की अपील की है।

