राजधानी राँची में मानसून से पहले जलजमाव और जल निकासी की समस्या से निपटने के लिए राँची नगर निगम एक्शन मोड में नजर आ रहा है। निगम द्वारा शहर के सभी वार्डों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत छोटे-बड़े नालों की युद्ध स्तर पर सफाई की जा रही है।
नगर निगम के अनुसार, बारिश के मौसम में जलजमाव की स्थिति को रोकने और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए वार्ड वार बीट प्लान भी तैयार किया गया है।
अभियान के तहत जाम नालियों की सफाई, बड़े नालों से गाद हटाने, बंद पड़े ड्रेनेज सिस्टम को दोबारा चालू करने समेत कई कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही शहर में ग्रास कटिंग, ब्लीचिंग पाउडर और एंटी-लार्वा दवा का लगातार छिड़काव कराया जा रहा है, ताकि मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों पर रोक लगाई जा सके।
नगर निगम आधुनिक मशीनों और संसाधनों की मदद से भी सफाई अभियान को तेज कर रहा है। सुपर सकर मशीन, स्किड लोडर और डी-सिल्टिंग मशीन के जरिए शहर के अलग-अलग इलाकों में नालों की सफाई का कार्य लगातार जारी है।

