शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए राँची नगर निगम ने सोमवार को बरियातू रोड, बड़गई चौक, पीएचईडी चौक, बूटी मोड़, मेडिका चौक, भारत माता चौक, किशोरगंज चौक और हरमू रोड समेत कई इलाकों में अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान दो स्थायी अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया, जबकि दो अन्य पर 48 घंटे का नोटिस चिपकाया गया। साथ ही पांच अस्थायी दुकानों व अन्य अतिक्रमणों को भी हटाया गया।
मेडिका चौक के पास नाले पर बने अवैध धोबी घाट को हटाकर जल निकासी बहाल की गई। वहीं हरमू रोड पर भवनों से बाहर निकली सीढ़ियां, फ्लोरिंग और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को भी हटाया गया। नगर निगम ने दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी है।

