राँची में पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन, दक्षिण छोटानागपुर की एक्जीक्यूटिव कमिटी की अहम बैठक बुधवार को एसोसिएशन अध्यक्ष राजहंस मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में राँची, सिमडेगा, गुमला, खूंटी और लोहरदगा के 25 एक्जीक्यूटिव सदस्यों ने हिस्सा लिया।
बैठक में तेल विपणन कंपनियों की मौजूदा नीतियों को लेकर डीलरों में बढ़ते असंतोष पर विस्तार से चर्चा की गई। एक्जीक्यूटिव कमिटी ने एकतरफा नीतियों, अव्यवहारिक बिक्री लक्ष्य, कम डीलर कमीशन, मांग के अनुरूप स्टॉक और सप्लाई नहीं मिलने, व्यापार की स्वतंत्रता पर अंकुश तथा अत्यधिक ल्यूब्रिकेंट उठाव के दबाव जैसे मुद्दों पर चिंता जताई।
इसके अलावा बोतल और गैलेन में पेट्रोल-डीजल नहीं देने को लेकर पेट्रोल पंपों पर आए दिन हो रहे विवाद, झगड़े और मारपीट की घटनाओं पर भी चर्चा हुई।
अध्यक्ष राजहंस मिश्रा ने कहा कि डीलरों के अधिकार, हक और मान-सम्मान की रक्षा एसोसिएशन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनियों के दबाव में डीलर लगातार आर्थिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इन मुद्दों पर अंतिम फैसला लेने और आंदोलन की रूपरेखा तय करने के लिए 1 जून 2026 को राँची में दक्षिण छोटानागपुर क्षेत्र के सभी तेल कंपनियों के डीलरों की आम सभा (AGM) आयोजित की जाएगी।
एसोसिएशन ने सभी डीलरों से AGM में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। साथ ही कहा कि डीलर राष्ट्र की ऊर्जा सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं और अपने वाजिब अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करेंगे।

