देशभर में लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं और शिक्षा व्यवस्था में बढ़ती अनियमितताओं के विरोध में रविवार को राँची के मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत विशाल मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें हजारों छात्र-छात्राओं, युवाओं और आम नागरिकों ने भाग लेकर शिक्षा में पारदर्शिता और युवाओं के अधिकारों की मांग उठाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक से लाखों छात्रों के सपने टूट रहे हैं। युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने की मांग की। अभियान के संयोजक कुमार राजा ने इसे छात्रों के अधिकारों और सुरक्षित भविष्य के लिए जनआंदोलन बताया। कार्यक्रम में सांसद सुखदेव भगत, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, राजेश कच्छप, सुबोध कांत सहाय समेत कई नेताओं ने भाग लेकर छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया।

