राँची में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित होने वाली झारखंड पात्रता परीक्षा-2024 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। परीक्षा के सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए आज समाहरणालय ब्लॉक-बी सभागार में अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक ने की, जिसमें परीक्षा से जुड़ी तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रशासन ने साफ किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फर्जी परीक्षार्थियों, नकल या किसी भी अनुचित गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी और ऐसी स्थिति में तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारु रखने की योजना बनाई जा रही है।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि केंद्र अधीक्षक, शिक्षा विभाग, पुलिस और परिवहन विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर कोई चूक न हो।
आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम और अग्निशमन दल को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है। साथ ही, अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर भी प्रशासन की विशेष नजर रहेगी।
इस बैठक में एडीएम (नक्सल) सुदर्शन मुर्मू, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार, JPSC के प्रतिनिधि समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

