राँची के एमजी रोड (मेन रोड) स्थित हनुमान मंदिर परिसर में मंगलवार को नगर निगम की टीम ने कार्रवाई की। श्रद्धालुओं की सुविधा, मंदिर परिसर की व्यवस्था और आसपास यातायात को सुगम बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया।
नगर निगम के अनुसार, इससे पहले मंदिर समिति के सदस्यों और समाजसेवियों के साथ बैठक कर मंदिर परिसर में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों को बंद करने के लिए 48 घंटे का समय दिया गया था। निर्धारित समय के बाद निरीक्षण के दौरान गतिविधियाँ जारी मिलने पर नगर निगम की टीम ने परिसर में घोषणा कराई और कुल 12 दुकानों का संचालन बंद कराया।
इसके साथ ही मंदिर के आसपास, डेली मार्केट, एसएन गांगुली मार्ग, विष्णु गली और अन्य संपर्क मार्गों पर अतिक्रमण के खिलाफ भी अभियान चलाया गया। इस दौरान पाँच ठेले और दो गुमटियाँ जब्त की गईं।
मंदिर के सामने वाहनों के अनियंत्रित पड़ाव से यातायात प्रभावित होने को देखते हुए वहाँ वाहन खड़ा नहीं करने का निर्देश दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डेली मार्केट के पास स्थित टैक्सी स्टैंड में उनके वाहनों के लिए निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था हेतु सीमांकन भी किया गया है।
नगर निगम ने कहा है कि कार्रवाई का उद्देश्य धार्मिक गतिविधियों को प्रभावित करना नहीं, बल्कि मंदिर परिसर की गरिमा, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना है।

