राँची की जीवनरेखा मानी जाने वाली हरमू नदी को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में राँची नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने वार्ड संख्या-23 स्थित हिंदपीढ़ी क्षेत्र में हरमू नदी का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने नदी में जमा गाद, झाड़ियों, जल प्रवाह में आ रही बाधाओं, गंदगी और अतिक्रमण का जायजा लिया। उन्होंने स्वच्छता शाखा को पोकलेन और जेसीबी मशीनों की मदद से गाद हटाने तथा नदी किनारे जमा कचरा साफ करने के निर्देश दिए।
नदी तट पर मौजूद अवैध खटाल, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य अवैध संरचनाओं पर भी नाराजगी जताते हुए उन्होंने इनफोर्समेंट टीम को कार्रवाई कर जुर्माना लगाने और अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। साथ ही भू-संपदा शाखा को शहर और अरगोड़ा अंचल के साथ संयुक्त रूप से नदी तट की मापी कर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया।
नगर आयुक्त ने नदी किनारे चिन्हित खाली स्थानों पर बेंच लगाने, हरित क्षेत्र विकसित करने और आवश्यकतानुसार पुनर्विकास कार्य करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हरमू नदी के संरक्षण, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और अतिक्रमण मुक्ति को लेकर निगम गंभीर है तथा आने वाले दिनों में व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त गौतम प्रसाद साहू, नगर प्रबंधक, स्वच्छता शाखा, इनफोर्समेंट टीम और भू-संपदा शाखा के कर्मी मौजूद थे।

