14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रही जांच के बीच झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के चेयरमैन एल. खियांग्ते ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस घटनाक्रम ने राज्य की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है।
इधर, सीआईडी और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को जेपीएससी कार्यालय में छापेमारी की। जांच के दौरान आयोग की सहायक परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता समेत चार लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है। साथ ही परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी के कार्यालय को भी सील किए जाने की खबर है।
मामले पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि पूरा सिस्टम हाई अलर्ट पर है और उनकी मंशा तथा नीयत पर कोई सवाल नहीं उठाया जा सकता। उन्होंने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।

