झारखंड के लातेहार जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां छत्तीसगढ़ से आ रही एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त होकर घाटी में पलट गई। यह हादसा महुआडांड़ थाना क्षेत्र के ओरसा घाटी में हुआ। ग्रामीणों के अनुसार, दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हो गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। वहीं 25 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस को रिजर्व कर यात्री मेहमानी में जा रहे थे। घाटी के मोड़ पर चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम विपिन कुमार दुबे के निर्देश पर महुआडांड़, गारू और नेतरहाट की स्वास्थ्य टीम एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। सभी घायलों को महुआडांड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।

