कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मंगलवार को दिल्ली में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा से मुलाकात की। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर झारखंड में राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के आयोजन को लेकर चर्चा हुई।
शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं आज भी संघर्षपूर्ण परिस्थितियों में जीवन जी रही हैं। उन्हें बदलते भारत की विकास प्रक्रिया से जोड़ने के लिए व्यापक और संगठित अभियान की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे ‘मनरेगा संग्राम’ में महिलाओं की भागीदारी बेहद अहम रही है।
उन्होंने बताया कि मनरेगा योजना के तहत रोजगार पाने वाले श्रमिकों में महिला कामगारों की संख्या उल्लेखनीय है। ऐसे में केंद्र सरकार द्वारा योजना में किए जा रहे बदलाव महिलाओं को उनके गांव-घर के पास मिलने वाले रोजगार से वंचित करने की कोशिश माने जा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि इससे ग्रामीण महिलाओं के अधिकारों और आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा।

