राजधानी में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने सड़कों पर रोड मार्किंग अभियान तेज कर दिया है। प्रशासक के निर्देश पर शहर में जेब्रा क्रॉसिंग, एरो मार्क, स्टॉप लाइन और पिक-अप एंड ड्रॉप पॉइंट सहित कई महत्वपूर्ण रोड मार्किंग कराई जा रही है। फिलहाल शहर के 19 प्रमुख स्थानों पर यह कार्य पूरा कर लिया गया है।
निगम अधिकारियों के अनुसार इस पहल से पैदल यात्रियों, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सुरक्षा मजबूत होगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। स्टॉप लाइन और दिशा सूचक एरो मार्किंग से वाहन चालकों को स्पष्ट संकेत मिलेंगे, जिससे यातायात संचालन अधिक सुचारू होगा और जाम की समस्या भी कम होगी।
इसके साथ ही पिक-अप एंड ड्रॉप मार्किंग के माध्यम से बस, ऑटो, टैक्सी और स्कूल वाहनों के लिए यात्रियों को सुरक्षित तरीके से चढ़ाने-उतारने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इससे सड़कों पर अनावश्यक भीड़ और जाम की स्थिति कम होगी। खासकर स्कूल, अस्पताल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में इसका विशेष लाभ मिलेगा।
नगर निगम द्वारा रोड मार्किंग का कार्य मुख्यमंत्री आवास, आयुक्त कार्यालय गेट, अलबर्ट एक्का चौक, डीसी आवास, सरना स्थल मोराबादी, ऑक्सीजन पार्क, जयपाल सिंह स्टेडियम, राम मंदिर चौक कांके रोड, ट्राइबल म्यूजियम मोराबादी समेत कई स्थानों पर किया गया है।
इसके साथ ही शहर के विभिन्न मार्गों पर रोड डिवाइडरों की पेंटिंग भी कराई जा रही है। निगम ने लोगों से अपील की है कि सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर गुटखा-पान न थूकें और यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

