राँची में RRDA दुकानदार कल्याण महासंघ ने RRDA के सभी मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स और कियोस्क को राँची नगर निगम को हस्तांतरित करने के प्रस्तावित निर्णय का कड़ा विरोध जताया है। इस मुद्दे को लेकर रविवार को लालपुर चौक स्थित होटल लैंडमार्क में महासंघ द्वारा एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। महासंघ का आरोप है कि RRDA के उपाध्यक्ष द्वारा लिया गया यह निर्णय एकतरफा और असंवैधानिक है, जिससे सैकड़ों दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो सकता है।
महासंघ के अनुसार इस निर्णय से RIT भवन (कोर्ट कंपाउंड), न्यू मार्केट (रातू रोड), न्यू डेली मार्केट (मेन रोड), न्यू मार्केट (कांके), बिरसा बस स्टैंड सहित 22 कियोस्क प्रभावित होंगे। इन परिसरों में 50 वर्षों से अधिक समय से 750 से ज्यादा दुकानदार किराएदार के रूप में व्यवसाय कर रहे हैं, जिन पर करीब 10 हजार परिवारों की जीविका निर्भर है।
महासंघ ने सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने और छोटे दुकानदारों के हितों की रक्षा करने की मांग की है। इस अवसर पर आनंद कोठारी (अध्यक्ष), प्रेम कुमार सिंह (वरीय उपाध्यक्ष) और मोहम्मद शमीम (सचिव) मौजूद रहे।

