हजारीबाग जिले के पदमा ओपी थाना क्षेत्र में गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। रांची-पटना मुख्य मार्ग पर इटखोरी मोड़ के पास दो मालवाहक ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों में तुरंत आग लग गई और कुछ ही सेकंड में लपटें तेजी से फैल गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद इंजन से चिंगारी निकली और देखते ही देखते दोनों ट्रक आग की चपेट में आ गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरातफरी मच गई और सुरक्षा के मद्देनजर यातायात रोक दिया गया।
जानकारी के अनुसार, एक ट्रक में कोल्ड ड्रिंक जबकि दूसरे में स्पंज लदा था। आग लगने के बाद कोल्ड ड्रिंक वाला ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
राहत की बात यह रही कि दोनों ट्रकों के चालक और सह-चालक समय रहते बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

