राँची में महिला अधिकारों पर सियासत तेज, भाजपा ने विपक्ष पर साधा निशाना
भाजपा नेत्री और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने प्रेस वार्ता में विपक्ष पर महिला अधिकारों के मुद्दे पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संसद में महिलाओं को समान अधिकार और भागीदारी देने का ऐतिहासिक अवसर आया था, लेकिन कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने इसका विरोध कर महिलाओं के साथ विश्वासघात किया।
श्रीमती साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि महिलाओं को नीति-निर्माण में भागीदारी देना उनका अधिकार है, कोई उपकार नहीं। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हवाले से उन्होंने कहा कि परिसीमन से राज्यों को नुकसान नहीं होगा, बल्कि संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित होगा।
उन्होंने विपक्ष पर भ्रम फैलाने और महिलाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” पहले से ही जनगणना और परिसीमन से जुड़ा है।
भाजपा ने 28 अप्रैल को राँची में जयपाल सिंह स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस निकालने की घोषणा की है, जिसमें हजारों महिलाएं भाग लेंगी।

