राजधानी राँची सहित झारखंड के कई जिलों में सोमवार से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि 2 मई तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी।
मौसम में इस बदलाव के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। 27 अप्रैल से अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है, जबकि कुछ इलाकों में यह गिरावट 3 से 5 डिग्री तक हो सकती है।
वहीं, रविवार को भी गर्मी का प्रकोप जारी रहा। राजधानी राँची का तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के कई जिलों में तापमान और भी अधिक रहा, पलामू में 44.9 डिग्री, सरायकेला में 42.5, पूर्वी सिंहभूम में 41.9 और गुमला में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
हालांकि, बोकारो (35.2 डिग्री) और जमशेदपुर (37.5 डिग्री) में अपेक्षाकृत कम तापमान रहा, जबकि संथाल परगना के जिलों में तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।

