राँची के एसएसपी राकेश रंजन ने शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। रविवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का निर्देश दिया।
26 अप्रैल को दोपहर 3:30 बजे से हुई इस बैठक में सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, यातायात एसपी राकेश सिंह, कोतवाली एएसपी सहित कई डीएसपी और शहर के प्रमुख थाना प्रभारी शामिल हुए।
बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि अब नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ संयुक्त रूप से कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत कई थानों की पुलिस मिलकर अभियान चलाएगी, ताकि नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।
एसएसपी राकेश रंजन ने ड्रग्स नेक्सस की पहचान करने और शहर में ऐसे हॉटस्पॉट चिन्हित करने के निर्देश दिए, जहां से यह कारोबार संचालित हो रहा है। इसके लिए विशेष टीमों की तैनाती की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और सभी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।

