राँची के सात वर्षीय बाल तैराक इशांक सिंह ने अद्भुत साहस और प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए भारत और श्रीलंका के बीच स्थित चुनौतीपूर्ण पाल्क स्ट्रेट को पार कर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में उन्हें सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने इशांक सिंह को 5 लाख रुपये का चेक, स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर बधाई दी। उल्लेखनीय है कि इशांक सिंह ने 30 अप्रैल 2026 को लगातार 9 घंटे 50 मिनट तक तैरते हुए 29 किलोमीटर लंबे पाल्क स्ट्रेट को पार किया था। इस उपलब्धि के बाद उन्हें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हुए हैं।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि इशांक सिंह ने अपने प्रदर्शन से पूरे झारखंड का नाम देश और दुनिया में रोशन किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर खेल नीति, आधुनिक सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि इशांक सिंह भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी राज्य का गौरव बढ़ाएंगे।
इस अवसर पर खेल मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, खेल विभाग के अधिकारी, तैराकी संघ के पदाधिकारी तथा इशांक सिंह के माता-पिता और कोच भी उपस्थित रहे।

