राँची के जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के जनता दरबार में सोमवार को कई मामलों का त्वरित समाधान किया गया। इस दौरान एक दिव्यांग युवक शाहनवाज आलम को इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल उपलब्ध करायी गई। युवक हाथों के सहारे जनता दरबार पहुंचा था, जिसके बाद उपायुक्त ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सहायता उपलब्ध करायी।
जनता दरबार में आंगनबाड़ी सेविकाओं ने मानदेय भुगतान में अनियमितता की शिकायत रखी, जिस पर उपायुक्त ने जांच के निर्देश दिये। वहीं दस्तावेजों की अनदेखी कर म्यूटेशन करने वाले कर्मचारी पर आरोप पत्र गठित करने का आदेश भी दिया गया।
सोनाहातू में प्लॉट सुधार में देरी पर संबंधित अंचल अधिकारी को फटकार लगायी गई, जबकि माण्डर में कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जे की शिकायत पर जांच के आदेश दिये गये। इसके अलावा लंबित भूमि अधिग्रहण मुआवजा भुगतान में तेजी लाने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन और आम जनता के बीच दूरी नहीं होनी चाहिए तथा लोगों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाना चाहिए।

