राजधानी राँची में पुलिस ने अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। राकेश रंजन के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में एक ही रात में 100 से ज्यादा वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। सभी पर अदालत से नॉन बेलेबल वारंट (NBW) जारी था।
देर रात तक चली इस कार्रवाई में शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की गई। पुलिस की टीम जैसे ही मोहल्लों और घरों तक पहुंची, कई इलाकों में हड़कंप मच गया। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी, अदालत में पेश नहीं होने वाले वारंटी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को दबोच लिया गया।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने पहले से तैयार सूची के आधार पर पूरी रणनीति बनाई थी। कई आरोपी घरों से पकड़े गए, जबकि कुछ पुलिस को देखकर छिपने की कोशिश करते रहे, लेकिन टीम ने उन्हें भी ढूंढ निकाला।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। राँची पुलिस का साफ संदेश है कि कानून से बचना अब आसान नहीं होगा।

