राँची के धुर्वा स्थित भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की प्रतिमा पर उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के योगदान को याद करते हुए उन्हें आधुनिक भारत की दूरदर्शी सोच वाला नेता बताया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राजीव गांधी ने वर्षों पहले ही इक्कीसवीं सदी के भारत की परिकल्पना कर ली थी। युवाओं को मतदान का अधिकार देने से लेकर महिलाओं को पंचायती राज और शहरी निकायों में आरक्षण दिलाने तक, उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में कई ऐतिहासिक कदम उठाए।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने गांव-गांव तक लोकतंत्र को मजबूत करने और समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने का काम किया। साथ ही युवाओं को राष्ट्रनिर्माण से जोड़कर आधुनिक भारत की सोच को नई दिशा दी।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने राजीव गांधी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके सपनों के भारत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

