झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए चुनावी मुकाबला अब पूरी तरह रोचक हो गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से बैजनाथ राम, कांग्रेस से प्रणव झा और निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में परिमल नथवानी मैदान में हैं। तीनों प्रत्याशियों ने दो-दो सेट में अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इस बीच, नामांकन के अंतिम दिन परिमल नथवानी ने भी अपनी दावेदारी पेश करते हुए जीत का भरोसा जताया।
नामांकन के बाद परिमल नथवानी ने कहा कि उन्हें सभी दलों का समर्थन प्राप्त है और पिछले दो कार्यकालों में उन्होंने झारखंड के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने स्वयं को बाहरी बताए जाने की धारणा को खारिज करते हुए कहा कि झारखंड उनकी कर्मभूमि है और वे सभी दलों के साथ मिलकर काम करने में विश्वास रखते हैं।
हालांकि परिमल नथवानी ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है, लेकिन उनके समर्थन में एनडीए के विधायक खुलकर सामने आए। नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपा नेताओं की मौजूदगी और बाद में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के कक्ष में एनडीए विधायकों के साथ हुई बैठक ने राज्यसभा चुनाव के सियासी समीकरणों को और दिलचस्प बना दिया है।

