हटिया से बानो के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। लंबे समय से लोकल ट्रेन सेवा की माँग कर रहे लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। राँची रेल मंडल ने हटिया-बानो रेलखंड पर पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव दक्षिण-पूर्व रेलवे मुख्यालय को भेज दिया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही ट्रेन का संचालन ट्रायल आधार पर शुरू किया जाएगा।
प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन रोजाना सुबह 8 बजे हटिया से रवाना होकर सुबह 10 बजे बानो पहुंचेगी। वहीं, वापसी में शाम 5 बजे बानो से खुलकर शाम 7 बजे हटिया पहुंचेगी। करीब 95 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड पर प्रस्तावित ट्रेन का किराया लगभग 65 रुपये रखने की योजना है।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस सेवा से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। ट्रायल के दौरान यात्रियों की संख्या और परिचालन व्यवस्था का आकलन किया जाएगा। यदि यात्रियों की अच्छी संख्या मिलती है, तो भविष्य में इसे नियमित ट्रेन सेवा के रूप में संचालित किया जा सकता है।

