राँची नगर निगम ने आज वार्ड संख्या-05 अंतर्गत बड़गाईं चौक से बुटी स्कूल तक मुख्य मार्ग पर सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग 10 दुकानों, शेड युक्त संरचनाओं एवं अन्य अवैध अस्थायी अतिक्रमणों को हटाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
नगर निगम के अनुसार, संबंधित भूमि की पूर्व में मापी कर अतिक्रमण की पहचान की गई थी तथा अतिक्रमणकारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर यह कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सड़क और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर आम लोगों के आवागमन को सुगम बनाने का प्रयास किया गया। राँची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर को व्यवस्थित एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

