देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 रविवार, 21 जून को आयोजित होगी। पिछले बार सामने आए पेपर लीक और अन्य विवादों से सबक लेते हुए इस बार राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और राज्य सरकारों ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। परीक्षा से एक दिन पहले 20 जून को देशभर में मेगा मॉक ड्रिल आयोजित कर परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई और अन्य व्यवस्थाओं की अंतिम समीक्षा की गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, राज्य के सभी परीक्षा केंद्र CCTV निगरानी में रहेंगे तथा मोबाइल सिग्नल जैमर भी लगाए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल की संभावना को रोका जा सके।
राँची में भी परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचारमुक्त बनाने के लिए सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं। सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने BNS की धारा 163 के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया है।

