राँची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत स्वयं एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया। निर्वाचन अधिकारियों की उपस्थिति में 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बीएलओ ने प्रपत्र भरने की प्रक्रिया पूरी कराई। इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने भी अपना एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया।
मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर एसआईआर प्रक्रिया पूरी कर मतदाता सूची में अपनी जानकारी का सत्यापन कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष तथा पारदर्शी चुनाव की आधारशिला है। कार्यक्रम में राँची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री सहित कई निर्वाचन अधिकारी उपस्थित रहे।

