जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति ने सोमवार को मंदिर परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में आगामी श्री जगन्नाथ रथ मेला-2026 की तैयारियों की जानकारी दी। समिति के अनुसार, मेले को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं।
प्रेस वार्ता को समिति के अध्यक्ष एन. एन. पांडेय, सचिव प्रसन्न कुमार तथा सदस्य कमल ठाकुर और गोपाल उपाध्याय ने संयुक्त रूप से संबोधित किया।
समिति ने बताया कि रथ मेला के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं तथा पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों की व्यवस्थाओं को भी और सुव्यवस्थित किया गया है।
समिति ने यह भी बताया कि भगवान श्री जगन्नाथ की पावन स्नान यात्रा के बाद महाप्रभु के स्नान जल को छोटे-छोटे पात्रों में पैक कर हजारों श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले सुरक्षा प्रहरी स्वर्गीय बिरसा मुंडा के परिजनों को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। समिति ने कहा कि रथ मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

