राँची में थ्रोबॉल खिलाड़ियों का प्रदर्शन, ‘एक खेल, एक संघ, एक पहचान’ की उठाई मांग
राँची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में रविवार को राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय थ्रोबॉल खिलाड़ियों ने “एक खेल, एक संघ, एक पहचान” के समर्थन में शांतिपूर्ण सांकेतिक प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने सिर पर काला पट्टा बांधकर झारखंड में प्रत्येक खेल के लिए एक मान्यता प्राप्त संघ की व्यवस्था बनाए रखने की मांग की।
खिलाड़ियों ने कहा कि झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ पिछले 18 वर्षों से राज्य में खेल के विकास के लिए कार्य कर रहा है, जिसके परिणामस्वरूप सैकड़ों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है। हाल ही में आयोजित द्वितीय साउथ एशियन थ्रोबॉल चैंपियनशिप में भी झारखंड के दो खिलाड़ियों ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीते हैं।
संघ के अध्यक्ष वेदांत कौस्तव, भारतीय टीम के कोच नगीना कुमार, महिला टीम की कप्तान अरुणा यादव और दक्षिण एशियाई पदक विजेता अमरदीप कुमार ने समानांतर संघ गठन के प्रयासों पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे खिलाड़ियों के भविष्य और खेल के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। खिलाड़ियों ने राज्य सरकार और खेल विभाग से थ्रोबॉल के विकास एवं खिलाड़ियों के हितों को प्राथमिकता देने की अपील की।

