डूरंड कप 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में टूर्नामेंट से जुड़ी सभी तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि 22 जुलाई 2026 से मोरहाबादी स्टेडियम परिसर में बनाए गए 12 टिकट काउंटरों के माध्यम से टिकटों की बिक्री शुरू होगी। टिकट प्रतिदिन सुबह 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक मिलेंगे। टिकट लेने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
उपायुक्त ने टिकट काउंटरों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि टिकट बिक्री की प्रक्रिया सुचारु और सुरक्षित रहे।
बैठक में मैच के दौरान यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, मेडिकल सुविधा, फायर ब्रिगेड, सीसीटीवी निगरानी, नियंत्रण कक्ष, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन सहित अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी तैयारियाँ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएँ।
इसके अलावा खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ डूरंड कप 2026 के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

