झारखंड में फिल्म उद्योग को मिलेगा बढ़ावा, JFDC और SRFTI के बीच हुआ समझौता।
झारखंड में फिल्म और मीडिया क्षेत्र को नई दिशा देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को प्रोजेक्ट भवन में झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JFDC) और कोलकाता के सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) के बीच समझौता हुआ।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मंच और प्रशिक्षण की है। उन्होंने कहा कि इस पहल से युवाओं को फिल्म निर्माण, निर्देशन, लेखन, संपादन और तकनीकी क्षेत्रों में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा। मुख्यमंत्री ने संताली फिल्मों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि झारखंड के कलाकार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने में सक्षम हैं। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने भी इस समझौते को राज्य के कलाकारों के लिए नई संभावनाओं का द्वार बताया।

