शहर के जलाशयों के संरक्षण और अतिक्रमण हटाने की दिशा में राँची नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने वार्ड संख्या-14 स्थित गोसाई तालाब, हटिया तालाब और चम्बोठा तालाब का स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान तालाबों की वर्तमान स्थिति, अतिक्रमण, स्वच्छता, जलधारण क्षमता और संरक्षण की संभावनाओं का जायजा लिया गया।
नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि तीनों तालाबों को चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण मुक्त कराया जाए तथा प्रत्येक तालाब के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए अलग-अलग कार्ययोजना तैयार की जाए।
गोसाई तालाब के लिए बनेगी विशेष टीम
गोसाई तालाब के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने इसकी स्थिति पर चिंता जताते हुए अपर नगर आयुक्त के नेतृत्व में विशेष संयुक्त टीम गठित करने का निर्देश दिया। यह टीम ड्रोन मैपिंग और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर अतिक्रमण की जांच करेगी तथा संबंधित लोगों को नोटिस जारी करेगी। दस्तावेजों की जांच के बाद अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
हटिया तालाब में अतिक्रमण और प्रदूषण पर होगी सख्ती
हटिया तालाब के आसपास हुए अतिक्रमण को तत्काल चिन्हित कर हटाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही तालाब में ठोस एवं तरल अपशिष्ट डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, जलापूर्ति टंकी व मिनी एचवाईडीटी को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने तथा नियमित विशेष सफाई अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया।
चम्बोठा तालाब के आसपास भवनों की होगी जांच
चम्बोठा तालाब के आसपास बने भवनों के स्वीकृत नक्शों की जांच कराई जाएगी। इसके अलावा तालाब तक सुगम पहुंच मार्ग, बाउंड्री वॉल और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित करने के लिए विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि शहर के तालाब केवल प्राकृतिक धरोहर नहीं, बल्कि पर्यावरण संतुलन, भू-जल पुनर्भरण, वर्षा जल संचयन और शहरी जलभराव की समस्या के समाधान का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जलाशयों पर किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण या प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

