ओमान में फंसी सिमडेगा की प्रीति कुजूर की सुरक्षित घर वापसी, मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई कार्रवाई
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर ओमान (मस्कट) में फंसी झारखंड के सिमडेगा की प्रवासी श्रमिक प्रीति कुजूर की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित कर ली गई है। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष ने भारतीय दूतावास (मस्कट) के समन्वय से कार्रवाई करते हुए उनकी वापसी का मार्ग प्रशस्त किया। प्रीति 2 अगस्त को झारखंड पहुंचेंगी। जांच में सामने आया कि उन्हें दुबई में नौकरी का झांसा देकर ओमान भेजा गया, जहां कम वेतन पर काम कराया गया और लौटने के लिए भारी रकम मांगी गई। भारतीय दूतावास और राज्य सरकार के प्रयासों से वापसी शुल्क में कमी कराई गई तथा उनका पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज वापस दिलाए गए। राज्य सरकार ने कहा कि प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

