राँची नगर निगम द्वारा आयोजित होने वाले सखुआ महोत्सव-2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को महापौर श्रीमती रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार और नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पौधारोपण स्थल, मंच निर्माण, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग और यातायात प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि सखुआ महोत्सव केवल वृक्षारोपण कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने का जन-अभियान है। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव में नागरिकों, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न संस्थाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।
नगर निगम ने शहरवासियों से भी इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, कार्यपालक अभियंता, नगर प्रबंधक सहित अभियंत्रण शाखा एवं स्वच्छता शाखा के अधिकारी उपस्थित थे।

