विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 और 10 अगस्त को मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले विश्व आदिवासी महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर आज उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न कोषांगों में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का स्पष्ट आवंटन किया गया और आयोजन के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।
उपायुक्त श्री भजन्त्री ने कहा कि विश्व आदिवासी महोत्सव केवल सांस्कृतिक धरोहर का उत्सव नहीं, बल्कि आदिवासी समुदाय की परंपराओं, कला, संगीत, नृत्य और जीवन शैली को व्यापक मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने पर जोर दिया।
बैठक में मोरहाबादी मैदान की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता, स्टॉल व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संचालन सहित अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को संभावित चुनौतियों का पूर्व आकलन कर सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त संजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय सहित जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारी उपस्थित थे।

