स्वतंत्रता दिवस पर छात्रों ने निकाली विशाल तिरंगा यात्रा।

राँची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी छात्र आंदोलन के बीच स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छात्रों ने तिरंगा फहराकर विशाल तिरंगा यात्रा निकाली। स्टेडियम परिसर से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में छात्रों ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया। भूख हड़ताल पर बैठे अनशनकारी भी व्हीलचेयर के जरिए यात्रा में शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा कचहरी चौक, जेल चौक, न्यूक्लियस मॉल और लालपुर होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंची। पूरे मार्ग में छात्र “भारत माता की जय” के नारे लगाते रहे। अल्बर्ट एक्का चौक पर सामूहिक उद्घोष के बाद यात्रा वापस जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

दरअसल, छात्र JSSC CGL भर्ती परीक्षा रद्द करने और CBI जांच की मांग को लेकर कई दिनों से आंदोलनरत हैं। छात्र विधानसभा घेराव भी कर चुके हैं। मांगें पूरी नहीं होने के कारण छात्र अब भी जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन जारी रखे हुए हैं। स्वतंत्रता दिवस पर निकली तिरंगा यात्रा के जरिए छात्रों ने देशभक्ति, एकजुटता और अपने आंदोलन के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया।


