झारखंड में लंबित ई-कल्याण छात्रवृत्ति के भुगतान की माँग को लेकर बुधवार, 18 नवंबर को छात्र सड़क पर उतर आए। छात्र नेता अफजल दुर्रानी के नेतृत्व में छात्रों ने अल्बर्ट एक्का चौक से जिला समाहरणालय तक मार्च निकाला और DC कार्यालय का घेराव किया। छात्रों का आरोप है कि पिछले कई शैक्षणिक सत्रों की छात्रवृत्ति अब तक लंबित है, जबकि सरकार नए सत्र 2026-27 के लिए आवेदन भरवा रही है। छात्रों ने पहले लंबित छात्रवृत्ति का भुगतान सुनिश्चित करने की माँग की।
10 दिन के आश्वासन के बाद भी भुगतान नहीं होने का आरोप
छात्र नेता अफजल दुर्रानी ने बताया कि इससे पहले 5 नवंबर को कल्याण विभाग का घेराव किया गया था। उस दौरान विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया था कि 10 दिनों के भीतर वर्ष 2024-25 और 2025-26 की लंबित छात्रवृत्ति के आवेदनों को DLO और DLC स्तर पर स्वीकृत कर दिया जाएगा। हालांकि, छात्रों का कहना है कि कुछ विद्यार्थियों के आवेदन ही स्वीकृत हुए हैं, जबकि बड़ी संख्या में आवेदन अब भी लंबित हैं। इसी के विरोध में छात्रों को दोबारा आंदोलन करना पड़ा।
तीन शैक्षणिक सत्रों की छात्रवृत्ति लंबित होने का दावा
छात्रों के अनुसार, वर्ष 2023-24 की छात्रवृत्ति अब तक नहीं मिली है। वहीं, 2024-25 और 2025-26 की छात्रवृत्ति का भुगतान भी लंबित है। ऐसे में नए सत्र 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाने पर छात्रों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पहले पिछले सत्रों की लंबित छात्रवृत्ति का भुगतान किया जाना चाहिए। छात्रों ने सरकार से भुगतान को लेकर स्पष्ट समयसीमा घोषित करने की माँग की है।
कल्याण मंत्री के आश्वासन पर भी उठाए सवाल
अफजल दुर्रानी ने कल्याण मंत्री चमरा लिंडा के पूर्व आश्वासन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान मार्च-अप्रैल में मंत्री ने एक सप्ताह के भीतर छात्रों को छात्रवृत्ति मिलने की बात कही थी। उन्होंने सवाल किया कि मंत्री का वह एक सप्ताह आखिर कब पूरा होगा और विद्यार्थियों को उनकी छात्रवृत्ति कब मिलेगी? छात्रों का कहना है कि लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद भुगतान नहीं होने से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
माँग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
आंदोलन के दौरान छात्रों ने मंईयां सम्मान योजना को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। अफजल दुर्रानी ने आरोप लगाया कि विद्यार्थियों की शिक्षा और छात्रवृत्ति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई जारी रखने का महत्वपूर्ण सहारा है और इसके लंबित रहने से गरीब परिवारों के बच्चों को परेशानी हो रही है।
छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य सरकार से लंबित छात्रवृत्ति के भुगतान को लेकर तत्काल निर्णय लेने की माँग की। अफजल दुर्रानी ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की माँगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे के आंदोलन की शुरुआत राँची से होगी।

