Local Alerts Ranchi

राँची में जल्द शुरू होंगे 7 सर्किल ऑफिस, घर के पास मिलेंगी नगर निगम की जरूरी सेवाएं | 7 Circle Offices to Come Up in Ranchi, Bringing Civic Services Closer to Residents

राँची नगर निगम से जुड़े छोटे-छोटे काम के लिए बार-बार कचहरी स्थित निगम मुख्यालय जाने वाले शहरवासियों को जल्द राहत मिल सकती है। राँची नगर निगम शहर के अलग-अलग हिस्सों में सर्किल ऑफिस शुरू करने की तैयारी कर रहा है, ताकि लोगों को अपने क्षेत्र के आसपास ही निगम की जरूरी सेवाएं मिल सकें।

इसी योजना के तहत शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा किया। इस दौरान सर्किल ऑफिस के लिए सरकारी भवनों और उपलब्ध स्थानों का निरीक्षण किया गया। निगम की ओर से कुल सात स्थानों को चिह्नित किए जाने की बात कही गई है।

निरीक्षण के दौरान बड़ा तालाब, पंडरा, बांधगाड़ी, धुर्वा स्थित निर्वाचन कार्यालय के आसपास, शांखा मैदान और हटिया के नायक टोली समेत कई इलाकों में उपलब्ध भवनों की स्थिति देखी गई। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को इन भवनों को नागरिक सेवाओं के लिए उपयोगी बनाने के संबंध में आवश्यक तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया।

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि निगम की कोशिश है कि नागरिकों को हर छोटे काम के लिए मुख्यालय तक आने की जरूरत न पड़े। स्थानीय स्तर पर सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों का समय और आने-जाने का खर्च दोनों बचेंगे।

प्रस्तावित सर्किल ऑफिस में जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र से जुड़े काम, होल्डिंग और जलकर से संबंधित आवेदन व भुगतान, ट्रेड लाइसेंस, प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े आवेदन तथा सिविल वर्क्स से संबंधित शिकायतों जैसी सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

चिह्नित भवनों को सुसज्जित करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। भवनों की मरम्मत और रंग-रोगन के साथ बिजली, पानी, शौचालय, फर्नीचर और कंप्यूटर जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नागरिकों के लिए भवन के बाहर प्रतीक्षा स्थल और शेड की व्यवस्था करने की भी योजना है।

अगर योजना धरातल पर उतरती है, तो शहर के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लोगों को निगम मुख्यालय की दौड़ लगाने के बजाय अपने ही इलाके में कई जरूरी नगर निगम सेवाएं मिल सकेंगी।

Ranchi Updates

Ranchi Updates

About Author

Ranchi Updates - A platform which keeps you updated about our city- Ranchi.

You may also read

Local Alerts

राँची के कई इलाकों में आज छह घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी

हटिया स्थित 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन में शनिवार, 13 सितंबर 2025 को मरम्मत कार्य किया जाएगा। ग्रिड अधिकारियों के मुताबिक
Ranchi

CISCE नेशनल हॉकी टूर्नामेंट 2025 का भव्य समापन, खिलाड़ियों ने दिखाई उमंग और जुनून !!

CISCE नेशनल हॉकी टूर्नामेंट 2025 का भव्य समापन, खिलाड़ियों ने दिखाई उमंग और जुनून !! रांची के मरांग गोमके जयपाल